Kumbha Rashi (कुम्भ राशि)


कुम्भ राशि भचक्र की ग्यारहवीं राशि है और इसका स्वामी ग्रह है शनि। इस राशि या लग्न के लोग मध्यम कद के गेहुंए रंग के होते हैं। हां ये बात और है कि लग्न पर शुभ ग्रहों का प्रभाव होने की स्थिति में इनका रंग गोरा हो सकता है। इनका व्यक्तित्व आकर्षक होता है तथा अन्य लोग इनसे प्रभावित रहते हैं। इन्हें कई लोगों के द्वारा घिरे हुए देखा जा सकता है लेकिन वास्तव में कुछ लोग ही इनके बहुत करीबी या फिर मित्र बन पाते हैं। इस राशि के लोग कुशाग्रबुद्धि, समझदार, व आत्मविश्वासी होते है।

इनकी वाणी घट के समान गहरी व गंभीर होती है। ये भीतर से कुछ हद तक खोखले भी होते हैं, यानी कि ये बाहरी दिखावे में सुन्दर दिखलाई पड़ते है लेकिन ये भीतर ही भीतर कष्ट सहते है, परन्तु बाहर, इनकी आह तक नहीं निकलती है। यानी कि ये पूर्णतय: रहस्यवादी इंसान होते है। इनकी वास्तविकता को पहचान पाना बड़ा कठिन हो जाता है। ये बड़े से बड़ा रिस्क लेने में नहीं हिचकते है। हालांकि यही गुण इन्हें शोध के मामलों में सहायता भी करता है। प्रसिद्ध वैज्ञानिक एलेक्जेन्डर ग्राहम बेल इसी लग्न के थे और टेलीफोन जगत में उनके शोध और सेवाओं को भुलाया नहीं जा सकता।

आप किसी भी बात को सीधे और सपाट बोलने में यकीन रखते हैं। आपको ज्यादा परिवर्तन भी पसंद नहीं है। आप चाहते हैं कि आपका निजी जीवन शांतिपूर्ण रहे क्योंकि आप अत्यंत संवेदनशील हैं। प्रसिद्ध सिने अभिनेता अमिताभ बच्चन में इन गुणों को देखा जा सकता है। उनकी भी लग्न कुम्भ है। वैसे तो आप दूसरों के काम में हाथ बटाना पसंद करते हैं। आप एक अच्छे वार्ताकार हो सकते हैं। आपकी बातों में एक अलग ही वजन होता है। आप अपने जैसे लोगों के साथ आनंद से रहते हैं। आप बुद्धिमान और मजाकिया हैं, जिसकी वजह से अन्य लोग आपकी तरफ़ आकर्षित होते हैं। आप जिसके संपर्क में आते है, उसके प्रति सहानुभूति का व्यवहार रखते है लेकिन जब लोग आपका फायदा उठाने की कोशिश करते हैं तो आप परेशान हो जाते हैं।

इस राशि वालो की आर्थिक स्थिति सामान्यता अच्छी होती है। आवश्यक मात्रा में धन एवं लाभ अर्जित करने में ये लोग समर्थ रहते है। हालांकि खर्चा भी इनके हाथ से अधिक होने लगता है लेकिन उत्तम आय होने से खर्चे का अधिक दुष्प्रभाव इनके जीवन में नहीं देखा गया है।

इनका वैवाहिक जीवन तभी सुखद होता है जब इनका साथी इन्ही के समान कुशाग्रबुद्धि वाला होता है। ये चाहते हैं कि इनके प्रेम पात्र ये जीवन साथी में में स्थिरता व गंभीरता हो। ये प्रेम में दृढ़ रहते है। प्रेम में दिखावा इन्हें पसंद नहीं होता। ये मानसिक प्रेम को ज्यादा अहमियत देते हैं, शारीरिक प्रेम इनके लिए दूसरे पायदान पर होता है। इनकी संतान सुन्दर, माता पिता की आज्ञाकारी व बुद्धिमान होती है।

ये लोग धर्म के प्रति निष्ठावान होते हैं। धार्मिक क्रिया कलापों में बढ चढ कर भाग लेना इन्हें अच्छा लगता है। भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी जी के स्वभाव में इन गुणों को देखा जा सकता है। तीर्थ यात्राएं करना, एकांत में रह कर अपने को मन की गहराई तक पहुँचाना तथा अपना विश्लेषण करना इनके स्वभाव में शामिल होता है। फ़िर भी पुराने रीती रिवाजो को ये लोग कम मानते हैं। इनके विचार आधुनिकता से परिपूर्ण होते है।

कई कुंभ राशि के जातक कैरियर की एक अस्थिर शुरूवात करते हैं। इन्हे आप नए विषयों को सीखते, नौकरी बदलते और एक नया कैरियर के लिए पूरी तरह से बदलते देख सकते हैं। इसका कारण इनका दुविधा में पड़ा हुआ या कमजोर दिमाग नहीं है बल्कि ये उनकी स्वतंत्र सोच और लगातार आविष्कार करने की इच्छा के कारण होता है। आधुनिक, प्रगतिशील, या विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में ये अच्छा करते हैं। इसके अलावा, ऎसा कैरियर जो प्रमाणिक मानदंडों पर सवाल खड़ा कर रहा हो या बहस के मुद्दों में बौद्धिक उत्तेजना की जरूरत हो इनके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता हैं।

इनमें अंतर्ज्ञान की अद्भुद क्षमता होती है। अंतर्ज्ञान की क्षमता के कारण इस राशि के लोग सफल ज्योतिषी भी बनते हैं। डाक्टर बी बी रमन इसके उत्तम उदाहरण हैं। इसके अलावा इस राशि के लोग प्राय: लेखक, वैज्ञानिक, इंजीनियर, अध्यापक, प्रिंटिंग उद्योग का कार्य मशीनरी के कारीगर भी होते है। सरकारी या व्यापारिक संस्थाओं में नौकरी करके उच्च पद प्राप्त करते हैं। व्यापार के क्षेत्र में ये अपनी पूंजी का फैलाव, सही पूंजी से कई गुना अधिक करते हैं। इनमें बोलने और लिखने की उत्त्म क्षमता होती है साथ ही ललित कलाओं में भी रूचि रखते हैं। अत: इन क्षेत्रों में भी इनकी अच्छी पकड होती है।

इस राशि वालो को सिर दर्द, उदर व्याधि एवं वायु रोगों से उत्पन्न बीमारियों का भय रहता है। वैसे तो इनका भाग्योदय 36वें वर्ष में होता है फ़िर भी जीवन के 29, 38, 47, 56, 57, 65, 74 व 83वें वर्ष इनके लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण व उन्नतिदायक होते है। आशा है अपने जीवन से सम्बंधित इन तथ्यों को जानकर आप उचित आचरण करेंगे तथा सुखी रहते हुए प्रसंशा प्राप्त करेंगे। नमस्कार!!

Related Articles: