Mesh Rashi Rashifal (Aries Horoscope)


मेष राशि भचक्र की पहली राशि है और इसका स्वामी ग्रह है मंगल। इस राशि का चिन्ह यानी कि सिम्बल है मेढ़ा। यह राशि अग्नि तत्त्व की होती है। सामान्यत: मेष राशि के लोग मध्यम कद काठी के होते हैं। मेष राशि के ज्यादातर लोग ऊर्जावान होते है। ये साहसी, तथा कुछ हद तक अभिमानी एवं अत्यन्त मेहनती होते हैं I इन्हें गुस्सा जल्दी आता हैI अपनी जरा भी खिलाफत, इनसे बर्दाश्त नहीं होती। इन्हें जितनी जल्दी क्रोध आता है उतनी जल्दी चला भी जाता है। इनका ध्येय वाक्य करो या मरो हो सकता है। ज्यादातर मेष राशि वाले अपनी बात के धनी होते हैं। इनमें वैचारिक दृढ़ता पाई जाती है। 

कभी-कभी इनमें जरूरत से ज्यादा उत्साह देखने को मिलता है। यही कारण है कि अति उत्साह एवं जल्दबाजी के कारण इनके कुछ काम बिगड़ जाया करते हैंI स्वतंत्र विचारों वाले ये व्यक्ति दूसरों कि हुकुमत को पसंद नहीं करते हैं। यदि इन्हें स्वतंत्र रूप से कोई कार्य करने दिया जाय तो ये अपना श्रेष्ठतम प्रदर्शन कर सकते हैं लेकिन एक बात मैं कहना चाहूँगा कि इन व्यक्तियों को अपने मनोभावों पर नियंत्रण रखना जरूरी होता है अन्यथा कई मामलों में नुकसान उठाने की सम्भावनाएं बन जाती है। हालांकि आप बहुत साफदिल है फ़िर भी क्रोध से बचना आपके लिए फ़ायदेमंद रहेगा। आपको अनावश्यक दिखावे से भी आपको दूर रहना चाहिए। 

ये लोग अपने दम पर सांसारिक सुख एवं विलास कि प्रतीक वस्तुएं प्राप्त करके उनका उपभोग करने में समर्थ होते हैं साथ ही मान- सम्मान एवं ऊँचाई पाने में सफल होते हैं I अत्यधिक सक्रियता एवं किसी काम के प्रति लगे रहने कि प्रवृत्ति एवं ईमानदारी यही वो गुण हैं जिनके सहारे ये लोग अपनी मनचाही मंजिल को पा लेते हैं। मेष राशि के लोगों में स्वाभिमान बड़ी मात्रा में होता है। इसी स्वाभिमान और परिश्रम की बदौलत ये औरों से अलग माने जाते हैं। हिंदी फ़िल्म अभिनेता सलमान खान की मेष लग्न है। और आपने अनुभव किया होगा कि उनका व्यक्तित्त्व औरों से अलग है। इस राशि वाले लोगों के जीवन में शुरू से ही तेजस्विता का भाव रहता है इसी कारण से कभी-कभार इस राशि वालों को अनावश्यक क्रोध एवं चंचलता का प्रदर्शन करते हुए भी देखा जा सकता हैI इनके स्वभाव में उदारता तथा सहनशीलता भी काफी मात्रा में होती है जिस कारण समय आने पर आप दूसरों को सहयोग प्रदान करते हैं और बदले में आदर का भाव प्राप्त करते हैंI 

मेष राशि को चर राशि कहा गया है। इनके दसम भाव में भी चर राशि होती है यहीं कारण है कि ज्यादातर मेष राशि वालों को जीवन में आपको ऊँची सफलता अपनी जन्मभूमि से दूर जाकर ही प्राप्त हो पाती है। यानी इस राशि वालों को जन्म स्थान से दूर जाकर ज्यादा सुख की प्राप्ति होती है। 

इन्हें जीवन में कई बार उतार चढ़ाव का सामना करना पड़ता है लेकिन मेष राशि वालों में परिश्रम और दृढ़ संकल्प की जो शक्ति होती है उसके कारण ये अपनी समस्याओं का हल ढूंढ़ने में सफल हो जाते हैं। ये जल्दी से किसी से झगडा करते नहीं, लेकिन जब कोई हद पार कर देता है तो उसको सबक सिखाये बिना रहते नहीं I युद्ध कि कला में ऐसे व्यक्ति निपुण होते हैं I जोखिम से भरी कलाएं इनको अच्छी लगती हैं I भूमि व कोर्ट- कचहरी संबंधी कार्यों में मेष राशि वालों को विजय प्राप्त होती हैI धार्मिक विचारों के लिहाज से आपका दृष्टिकोण दूसरे लोगों से अलग होता है I शक्ति कि उपासना में आपका मन ज्यादा रमता है I 

इनके कर्म स्थान के स्वामी शनि महाराज होते हैं। अत: कुछ कामों में देरी होना स्वाभाविक है। किन्तु अपनी साहसिक प्रवृत्ति से आप इन उलझनों से हार नहीं मानते I आपको जीवन में उन्नति परिश्रम से ही प्राप्त होगी और संबंध भी बनते बिगड़ते रहेंगे I फ़िर भी दसम भाव मकर राशि यानी चर राशि होने के कारण बहुत से काम शीघ्रता से भी पूरे होते हैं। मेष राशि वाले प्राय: खेल- कूद, शिकार, सेना, पुलिस विभाग, मशीनरी, भट्टी व ज्वलनशील पदार्थों जैसे गैस, पेट्रोल, इलेक्ट्रिसिटी तथा मेटल आदि के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करते हैं I I 

आपको बेईमान लोग कतई पसंद नहीं I आप दूरदर्शी होने के साथ प्रबंधन के क्षेत्र में सफल होते हैं I घूमने- फिरने के शौंक के साथ आपको चटपटे भोजन में बहुत रूचि है I विपरीत लिंगी साथियों के प्रति आपकी रूचि अत्यधिक होती है I लाल रंग व ज्वलनशील पदार्थ आपके अनुकूल कहे जा सकते हैं I 

आपके लिए मंगलवार सर्वश्रेष्ठ, शुभकारी एवं सफलता देने वाला रहेगा I अपने इष्ट देव के रूप में यदि आप हनुमान जी को चुने तो आपके मनोरथ सफल होंगे I आपका अनुकूल रत्न "मूंगा" है I सीधे हाथ कि तीसरी उंगली में या गले में तांबे या सोने में जड़वाकर सवा पाँच रत्ती या इससे अधिक का लाल मूंगा पहनने आपके लिए फायदेमंद रहेगा। 

आशा है अपने जीवन से सम्बंधित इन तथ्यों को जानकर आप उचित आचरण करेंगे और सुखी और प्रसंशित होंगें। नमस्कार!!

Related Articles: