Makar Rashi (मकर राशि)


मकर राशि भचक्र की दशवीं राशि है और इसका स्वामी ग्रह है शनि। यह पृथ्वी तत्त्व की राशि है। ये औसत उंचाई वाले होते हैं। ये शरीर से पतले होते हैं। इनका माथा सामान्यता बड़ा होता है और नाक लम्बी होती है। इनके दांत भी लम्बे होते हैं हो जो कभी कभी होठ के बाहर भी दिखाई देते हैं। उनके व्यक्तित्व से परिपक्वता और मजबूती का आभास होता है। इनकी आँखें गहरी और सुन्दर होती हैं। इनकी नज़र में तटस्थता और संयम का गुण साफ झलकता है। इनमें झुककर चलने की आदत होती है, ये लोग अपनी आँखें नीची करके चलते हैं। ये धीरे धीरे बोलते हैं और बोलने के पहले प्रत्येक शब्द तौल कर बोलते हैं। ये दार्शनिक या वैज्ञानिक की तरह दिखते हैं।

मकर राशि के लोग अत्यधिक मेहनती होते हैं और काम के लिए व्यक्तिगत सुख के साथ समझौता कर लेते हैं। यहां तक कि कभी-कभी काम के लिए अपने परिवार को भी समय नहीं दे पाते। वास्तव में, ये जितने घंटे जगे रहते हैं वो सारे काम में खर्च कर देते हैं। ये अपने खान पान पर ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं, जिससे इनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

ये लोग हँसमुख होते हैं। ये लोग कम समय में किसी भी परिस्थिति में अपने का ढालने में दक्ष होते हैं। ऎसे व्यक्ति दृढ़ निश्चयी और संयमी होते हैं। जीवन से आने वाली बाधाओं से घबराते नहीं हैं, बल्कि उनका डटकर मुकाबला करते हैं। वहीं अगर ये लोग बदला लेने पर आ जाये तो भी पीछे नहीं हटते। ये दूसरों की मदद करने वाले होते हैं। इनको न्याय पसंद होता है और कभी किसी के साथ धोखा नहीं करते। ये लोग परोपकारी होते हैं और अनुशासन पसंद करते हैं। अपने सिद्धान्तों पर जीते हैं और लोगों से भी वही उम्मीद करते हैं। इन्हें अपना एकाधिकार पसंद होता है। ऎसे व्यक्तियों के ज्यादा मित्रगण नहीं होते क्योंकि ये किसी पर विश्वास नहीं कर पाते हैं।

ये लोग जितने समझदार दिखते हैं, उससे ज्यादा समझदार होते हैं। ऎसे व्यक्ति गलत बातें सहन नहीं कर पाते चाहे उस विरोध में अकेले ही रह जाये। ऎसा करना कभी-कभी घातक सिद्ध होता है। इसलिए अपने आप संयम बनाये रखें और ज्यादा क्रोध ना करें। वैसे भी ऎसे व्यक्ति फिजूल की बातें में अपना वक्त जाया नहीं करते और अपने भविष्य के बारे में सोचते हैं। ये लोग खर्चीलें होते हैं, इन्हें धन बचाने की आदत शुरू से ही डालनी चाहिए। हालांकि ऎसे जोखिम उठाना जिसमे वित्तीय सुरक्षा ख़तरे में जा रही हो, इन्हें बिल्कुल पसंद नहीं है। ये जोखिम लेते हैं पर आवेग में नहीं बल्कि ठीक तरह से सोच समझ कर।

इनके व्यक्तित्व पर शनि का प्रभाव दिखाई प़डता है। ये मेहनती होते हैं, इसलिए बिना रूके निरन्तर कार्य करते रहते हैं, जिस कारण इनके किये हुए कार्यो में गलतियों की संभावना कम रहती है। ये लोग जितने मेहनती होते हैं, कभी-कभी उतने ही आलसी भी हो जाते हैं। और अपना बहुत समय आलस्य में बिता देते हैं हालांकि बाद में इन्हें अपने इस आलस्य को लेकर पछतावा भी होता है और ये अपने पिछडे हुए काम को पूरा करने में लग जाते हैं। ये हर क्षेत्र में सफलता पाना चाहे हैं और अपनी मेहनत और लगन से सफलता हासिल कर भी लेते हैं। लेकिन असफलता मिलने पर ऎसे व्यक्ति बहुत जल्दी निराश हो जाते हैं परन्तु थो़डी देर अकेले समय बिताने पर सोच-विचार करके निराशा से बाहर भी आ जाते हैं और अपने कार्यो में जुट जाते हैं। इनके जीवन में बहुत सारी इच्छाएँ होती हैं परन्तु इनकी सफलता धीरे-धीरे मिलती है। ऎसे व्यक्ति अपनी समझदारी और सूझ-बूझ का परिचय देते हुए औरों से भी अपना काम बडी ही आसानी से करवा लेते हैं।

जब मकर राशि के जातक अपना कैरियर शुरू करते हैं तो इसे ये एक मिशन की तरह देखते हैं और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ये कड़ी मेहनत करते हैं। ये काम पूरी लगन और ईमानदारी से करते हैं। ये अपने अनुशासन, समर्पण और परिश्रम के लिए प्रशंसित किए जाते हैं लेकिन यदि अपने काम में इन्हे ज्यादा महत्व नहीं मिलता हैं तो ये ज्यादा दिन तक काम में नहीं टिकते हैं।

नौकरी पेशा की दृष्टि से इनके लिए स्टील फर्नीचर का व्यवसाय, रिसर्च डिपार्टमेंट, जीव विज्ञान विभाग, न्यायाल में नौकरी दूर संचार विभाग, कार्डियोलाजी सर्जन, प्लास्टिक सर्जन, ट्रैफिक पुलिस, मकान बनाने का ठेका, नगर निगम एवं नहर परियोजना में काम करना इस राशि वालों के लिए अनुकूल और लाभप्रद रहता है। इसके अलावा वित्त, प्रबंधन, बैंकिंग, लेखा, कानून और प्रशासन, विज्ञान और चिकित्सा मीडिया, कला आदि में भी मकर राशि के लोग काफ़ी अच्छा करते हैं।

स्वास्थ्य की दृष्टि से इस राशि के जातक को त्वचा सम्बन्धी रोग, घुटनों में दर्द, हृदय रोग, रक्त संचार में परेशानी, बवासीर, उदासी, नसों में तकलीफ इस राशि के जातको को होने की संभावना रहती है। इनके अलावा इस राशि वालों को मानसिक परेशानी होने की संभावना रहती है।

आशा है अपने जीवन से सम्बंधित इन तथ्यों को जानकर आप उचित आचरण करेंगे तथा सुखी रहते हुए प्रसंशा प्राप्त करेंगे। नमस्कार!!

Related Articles: